
सांकेतिक फोटो
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने गुरुवार को सिक्किम के राज्य बनने के 50 साल पूरे होने के अवसर पर वहां की जनता को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी पहले सिक्किम जाकर यह समारोह मनाने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के कारण उनकी यात्रा रद्द कर दी गई।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि यह दिन बीते 50 वर्षों की उपलब्धियों को मनाने का है। उन्होंने आयोजकों और मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने इस कार्यक्रम को यादगार बनाने में अपनी पूरी ऊर्जा लगाई है।
पीएम मोदी ने सिक्किमवासियों को राज्य के 50 वर्ष पूरे होने पर हार्दिक बधाई दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Modi) ने सिक्किम के राज्य बनने के 50 साल पूरे होने के मौके पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोगों को संबोधित किया। उन्होंने सिक्किम की लोकतांत्रिक यात्रा, विकास और पर्यावरण संरक्षण की तारीफ करते हुए इसे देश का गौरव बताया।
लोकतांत्रिक भविष्य का चयन किया था सिक्किम ने
पीएम मोदी (PM Modi) ने कहा, “50 वर्ष पहले सिक्किम ने अपने लिए लोकतांत्रिक भविष्य चुना। सिक्किम के लोगों का जनमन न केवल उनकी भौगोलिक सीमाओं से जुड़ा है, बल्कि भारत की आत्मा से भी गहरा संबंध है। एक विश्वास था कि सबकी आवाज सुनी जाएगी और सबके अधिकार सुरक्षित रहेंगे। इसी भरोसे ने सिक्किम की प्रगति को संभव बनाया। आज सिक्किम देश का गर्व बन चुका है।”
प्रकृति के साथ विकास का अनूठा मॉडल
मोदी ने आगे कहा, “पिछले 50 वर्षों में सिक्किम प्रकृति के साथ प्रगति का एक मॉडल बन गया है। यह राज्य बायोडायवर्सिटी का बड़ा बगीचा है और शत-प्रतिशत ऑर्गेनिक स्टेट के रूप में उभरा है। संस्कृति और विरासत की समृद्धि में भी यह अग्रणी है। आज के कार्यक्रम में सिक्किम के कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ, जो इसकी भविष्य की प्रगति की दिशा दिखाते हैं।”
यात्रा रद्द होने का कारण भी बताया पीएम मोदी ने
प्रधानमंत्री ने कहा कि वे खुद सिक्किम जाकर इस जश्न में शामिल होना चाहते थे, लेकिन खराब मौसम के कारण उनकी यात्रा रद्द हो गई। उन्होंने कहा, “दिल्ली से बागडोगरा तो पहुँच गया, लेकिन आगे का रास्ता मौसम ने बंद कर दिया। इसलिए आपके बीच प्रत्यक्ष रूप से नहीं आ सका।”
उत्तर पूर्वी भारत के विकास पर भी दिया प्रकाश
पीएम मोदी ने बताया कि सिक्किम समेत पूरा नॉर्थ ईस्ट अब नए भारत की विकास गाथा का चमकता अध्याय बन रहा है। कनेक्टिविटी में सुधार के कारण अब यह क्षेत्र विकास के नए अवसरों से जुड़ा है। उन्होंने कहा, “जहां पहले दिल्ली से दूरी विकास में बाधा थी, आज वही दूरी विकास के नए दरवाजे खोल रही है।”
सिक्किम (Sikkim) की धरोहर पर पूरी दुनिया को है गर्व
प्रधानमंत्री ने सिक्किम की प्राकृतिक सुंदरता, अध्यात्मिक धरोहर और पर्यटन स्थलों की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, “सिक्किम में प्रकृति, अध्यात्म, झीलें, झरने और शांतिपूर्ण बौद्ध मठ हैं। कंचनजंगा नेशनल पार्क यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट है। सिक्किम की धरोहर पर न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया गर्व करती है।”
उन्होंने बताया कि आज नया स्काईवॉक बन रहा है, स्वर्ण जयंती प्रोजेक्ट का लोकार्पण हुआ है और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया गया है। ये सभी प्रोजेक्ट सिक्किम की नई उड़ान के प्रतीक हैं।
