
सांकेतिक फोटो
लखनऊ में देवी अहिल्याबाई होल्कर जन्म त्रिशताब्दी वर्ष समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे सहभागी
लखनऊ, 29 मई 2025
‘पुण्यश्लोक’ पूज्य देवी अहिल्याबाई होल्कर के जन्म त्रिशताब्दी वर्ष स्मृति अभियान – 2025 के अंतर्गत लखनऊ में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 29 मई, 2025 को दोपहर 3 बजे डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय, लखनऊ में संपन्न होगा।
इस विशेष अवसर पर उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की गरिमामयी उपस्थिति कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएगी। कार्यक्रम में देवी अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, उनके सामाजिक कार्यों और सुशासन की विरासत पर आधारित विविध सांस्कृतिक व शैक्षणिक गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी।
देवी अहिल्याबाई होल्कर, जिन्हें ‘पुण्यश्लोक’ की उपाधि से सम्मानित किया जाता है, भारतीय इतिहास में एक आदर्श शासिका, समाज सुधारक और जनसेविका के रूप में विख्यात हैं। यह त्रिशताब्दी स्मृति वर्ष, उनके योगदान को स्मरण करने और युवा पीढ़ी को प्रेरित करने के उद्देश्य से मनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में राज्य के प्रमुख अधिकारी, शिक्षाविद, छात्र, और समाज के विभिन्न वर्गों के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति अपेक्षित है।
