
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है। 25 जुलाई 2025 को उन्होंने बतौर प्रधानमंत्री सबसे ज्यादा समय तक सेवा देने के मामले में इंदिरा गांधी को पीछे छोड़ दिया है। अब इस सूची में उनसे आगे केवल देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू हैं।
इंदिरा गांधी ने 24 जनवरी 1966 से 24 मार्च 1977 तक प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया था। उनका कुल कार्यकाल 4077 दिनों का रहा। अब नरेंद्र मोदी का कार्यकाल 4078 दिन का हो चुका है, जिससे उन्होंने इंदिरा गांधी को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया है।
नरेंद्र मोदी न सिर्फ केंद्र में, बल्कि राज्य स्तर पर भी सबसे लंबे समय तक सत्ता में रहने वाले नेताओं में शुमार हैं। वह 24 साल से अधिक समय से निर्वाचित पदों पर सत्ता में हैं — पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और फिर देश के प्रधानमंत्री के रूप में। लगभग 13 साल (2001-2014) तक गुजरात की कमान संभालने के बाद, वह 2014 से लगातार देश के प्रधानमंत्री बने हुए हैं।
उनसे जुड़े कुछ प्रमुख रिकॉर्ड और उपलब्धियां:
- स्वतंत्र भारत में जन्मे पहले प्रधानमंत्री: मोदी देश के ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं जो आजादी के बाद जन्मे हैं।
- सबसे लंबे कार्यकाल वाले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री: अब तक यह रिकॉर्ड अटल बिहारी वाजपेयी के नाम था, जिसे मोदी ने पीछे छोड़ दिया है।
- गैर-हिंदी भाषी राज्य से आने वाले सबसे लंबे कार्यकाल वाले पीएम: गुजरात जैसे गैर-हिंदी भाषी राज्य से आने के बावजूद उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में असाधारण स्थायित्व दिखाया है।
- राज्य और केंद्र में सबसे लंबे समय तक चुनी हुई सरकार के मुखिया: अगर गुजरात में उनके मुख्यमंत्री काल को भी जोड़ लिया जाए, तो वह भारत में सबसे लंबे समय तक सत्ता में रहने वाले निर्वाचित नेता बन जाते हैं।
- दो बार लगातार पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने वाले पहले गैर-कांग्रेसी पीएम: उन्होंने 2014 और 2019 में अपने दम पर बहुमत प्राप्त किया और 2024 में भी तीसरी बार सत्ता में वापसी की।
- इंदिरा गांधी के बाद दोबारा बहुमत से सत्ता में लौटने वाले पहले पीएम: यह उपलब्धि मोदी को बेहद खास बनाती है, क्योंकि इससे पहले इंदिरा गांधी ने ही यह कारनामा किया था।
- लगातार छह चुनावों में जीत का रिकॉर्ड: नरेंद्र मोदी ने 2002, 2007 और 2012 में गुजरात विधानसभा चुनाव और 2014, 2019 व 2024 में लोकसभा चुनावों में जीत दर्ज की है।
