वन विभाग को खेड़ा के जंगल में पेड़ों का कटान किए जाने की सूचना मिली थी। वन दरोगा समेत टीम मौके पर पहुंची तो माफिया ने हमला कर दिया। दरोगा को पीटा और वर्दी भी फाड़ दी। घायल दरोगा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक आरोपी गिरफ्तार किया है।
सरधना के खेड़ा गांव के जंगल में सोमवार रात ग्राम समाज की भूमि पर अवैध रूप से पेड़ों का कटान कर रहे वन माफिया ने वन विभाग की टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि ट्रैक्टर से वन दरोगा संजीव कुमार को कुचलने की कोशिश की गई। आरोपियों ने उन्हें डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दरोगा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर आरोपी खेड़ा निवासी ट्रैक्टर चालक संजय को गिरफ्तार कर लिया है।
वन रक्षक लोमन बड़ोदिया ने थाने में दी तहरीर में बताया कि सोमवार देर रात गश्त के दौरान उन्हें सूचना मिली कि खेड़ा गांव के जंगल में ग्राम समाज की भूमि पर खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ काटे जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही वन दरोगा संजीव कुमार, वन रक्षक लोमन बड़ोदिया और नटवर सिंह मौके पर निजी कार से पहुंचे। टीम ने देखा कि कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में लकड़ी भरकर ले जा रहे हैं। रुकने का इशारा किया लेकिन आरोपियों वन दरोगा संजीव कुमार पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की। दरोगा ने किसी तरह खुद को बचाया लेकिन आरोपियों ने उन पर डंडों से हमला कर दिया। अन्य वनकर्मियों से भी मारपीट की गई।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गए। वन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाने में तहरीर दी। घायल वन दरोगा संजीव को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वन रेंजर कुलदीप सिंह ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने केस दर्ज कर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
ये बोले सीओ
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी ट्रैक्टर चालक संजय को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी व कुछ अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। एक ट्राॅली में काटे गए पेड़ों की लकड़ी बरामद की गई है।
