राजनीति के एक युग का अंत हो गया! वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का 93 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह कुछ समय से बीमार चल रही थीं जिस कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से नाता रखने वाली मोहसिना किदवई इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की सरकार में मंत्री रही थीं। साथ ही वह गांधी परिवार की सबसे करीबी मानी जाती थी। वहीं उनते निधन के खबर से बाराबंकी से लेकर राजनीतिक गलियारा शोक में हैं।
बता दें कि मोहसिना किदवई का जन्म 1 जनवरी, 1932 को बाराबंकी में हुआ था। वे दो बार छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सदस्य भी चुनी गईं। वह 1978 उपचुनाव, 1980 और 1984 में मेरठ से सांसद चुनी गईं। इसके बाद 2004 से 2010 और 2010 से 2016 तक राज्यसभा की सदस्य रहीं।

किदवई के निधन पर पार्टी नेताओं और सहयोगियों ने शोक व्यक्त किया है। नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली सांसद राहुल गांधी ने मोहसिना किदवई के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि ‘पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व सांसद मोहसिना किदवई के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। वे कांग्रेस पार्टी की एक अत्यंत वरिष्ठ और वफादार नेता थीं, जिनका पूरा जीवन जनसेवा का उदाहरण रहा है। अपनी सादगी, सौम्यता और गरिमापूर्ण राजनीतिक सफलता से उन्होंने देश की महिलाओं की कई पीढ़ियों को प्रेरित किया। इस दुख की घड़ी में मैं शोकाकुल परिजनों और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं’।
