बिहार : भोजपुरी के सुपरस्टार पवन सिंह एक बार फिर राजनीति में अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं। पवन सिंह अब राष्ट्रीय लोक मोर्चा में शामिल होने जा रहे हैं। पवन सिंह ने उपेंद्र कुशवाहा के दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की है। जिसके बाद उनके राजनीति में शामिल होने की खबरे आ रही है।
जानकारी के मुताबिक, उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी में शामिल पवन सिंह को बिहार विधानसभा चुनाव में दो सीटें दी जाएंगी। साथ ही पार्टी की ओर से उन्हें राज्यसभा में भेजने का भी वादा किया गया है।
बता दें कि पवन सिंह लंबे समय से एनडीए समर्थक माने जाते रहे हैं और उन्होंने कई मौकों पर भाजपा व उसके सहयोगियों के कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया है। अब जब बिहार में विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो रही हैं, तो पवन सिंह भी राजनीतिक मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए तैयार दिख रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पवन सिंह आरा विधानसभा सीट से एनडीए प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में भी उतर सकते हैं। आरा विधानसभा सीट पर पिछले 25 वर्षों में 20 साल तक भाजपा का कब्जा रहा है। यह भोजपुर का वहीं क्षेत्र है, जहां विधानसभा चुनाव में भाजपा को सबसे पहले साल 2000 में सफलता मिली थी। तब से अमरेंद्र प्रताप सिंह ने यहां से जीत का चौका लगाया. 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने यहां से पांचवीं बार जीत हासिल की थी।
