झारसुगुड़ा, ओडिशा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दूरसंचार, रेलवे, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, कौशल विकास और ग्रामीण आवास सहित विभिन्न क्षेत्रों में 60,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। राष्ट्रीय संचार अवसंरचना को एक बड़ा बढ़ावा देते हुए, प्रधानमंत्री ने स्वदेशी तकनीक से लगभग 37,000 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 97,500 से अधिक मोबाइल 4G टावरों का लोकार्पण भी किया।
वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि डेढ़ साल पहले, विधानसभा चुनाव के दौरान, आप ओडिशावासियों ने एक नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया था। ये संकल्प था- ‘विकसित ओडिशा’। आज हम देख रहे हैं कि ओडिशा डबल इंजन की रफ्तार से आगे बढ़ चला है। आज एक बार फिर, ओडिशा के विकास, देश के विकास के लिए हज़ारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम शुरू हुआ है। आज से, BSNL का एक नया अवतार भी सामने आया है। BSNL की स्वदेशी 4G सेवाओं का शुभारंभ हो गया है।
पीएम मोदी ने कहा, भाजपा सरकार गरीबों की सेवा और उन्हें सशक्त बनाने वाली सरकार है। हम गरीबों, दलितों, पिछड़े वर्गों और आदिवासियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ज़ोर देते हैं। हमारी सरकार ने अब तक देश भर में 4 करोड़ से ज़्यादा गरीब परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए हैं। ओडिशा में भी हज़ारों घरों के निर्माण का काम तेज़ी से चल रहा है।
