खेल डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। खबर है कि पाकिस्तान भारत के साथ टी20 वर्ल्ड कप खेलने को राजी हो गया है। ऐसे में अब 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले टी-20 विश्व कप ग्रुप मैच में उनकी टीम खेलेगी ।
पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी एक पोस्ट में कहा, “मित्र देशों के अनुरोध को देखते हुए, उन्होंने पाकिस्तान टीम को भारत के खिलाफ मैच खेलने की अनुमति दे दी है।
पाकिस्तान सरकार के भारत के खिलाफ मैच के बहिषकार के फैसले को वापस लेने को लेकर पिछले कुछ दिनों में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी), बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के बीच बैठकों का सिलसिला जारी था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर दिया गया था। लाहौर में हुई बैठक में मांग रखी गई कि वर्ल्ड कप से बाहर होने पर भी बांग्लादेश को मुआवजा दिया जाए। इस पर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद राजी हो गया है। मुआवजे के रूप में बांग्लादेश को अंडर -19 वर्ल्ड कप और महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप की मेजबानी दी जा सकती है।
दूसरी ओर पाकिस्तान ने आईसीसी राजस्व में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की मांग की थी। रिपोर्ट्स अनुसार अभी आईसीसी राजस्व में हिस्सेदारी 5.75 प्रतिशत है, जो लगभग 34-35 मिलियन अमेरिकी डॉलर के बराबर बताया जाता है। आईसीसी ने पाकिस्तान की इस मांग पर भी विचार करने की बात कही है।
