मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस में बड़े पैमाने पर भर्ती का ऐलान किया है। प्रदेश में इस वर्ष 81 हजार से अधिक पदों पर भर्तियां की जाएंगी। इन पदों में उपनिरीक्षक, आरक्षी नागरिक पुलिस, रेडियो सहायक परिचालक, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए तथा पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय) सहित कई श्रेणियां शामिल होंगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी भर्तियां पूरी पारदर्शिता और निर्धारित आरक्षण व्यवस्था के अनुसार संपन्न कराई जाएं।
बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग को निर्देश दिए कि न्यायालयों में पेशी की प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मुख्यमंत्री दफ़्तर से इस संबंध में जानकारी दी गई है। जिसमें कहा गया कि ‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में पुलिस विभाग की विभिन्न इकाइयों द्वारा जारी गतिविधियों और भावी कार्य योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में यूपी पुलिस में 81 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की तैयारी है, जो युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के साथ प्रदेश को एक सक्षम, ऊर्जावान और आधुनिक पुलिस बल उपलब्ध कराएगी।
