लखीमपुर खीरी। शहर में बारात के दौरान सड़क पर आतिशबाजी कर जाम लगाने की लगातार मिल रही शिकायतों को लेकर सदर कोतवाली में बारात घर मालिकों, डीजे संचालकों व आतिशबाजों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी, एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक सदर कोतवाली दिनेश शर्मा मौजूद रहे।
अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि रात्रि 10 बजे के बाद किसी भी हाल में डीजे नहीं बजेगा। सड़क के बीच आतिशबाजी करने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही बारातों में आने वाले वाहनों की पार्किंग को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो पुलिस-प्रशासन ने सभी से नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि आदेशों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जिला संवाददाता- मोहित त्रिवेदी “उल्लास”
