मुकाबले का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट अफगानिस्तान के युवा स्पिनर नूर अहमद की गेंदबाजी रही. IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स की कोलकाता नाइट राइडर्स जीत के पीछे अगर किसी एक खिलाड़ी का सबसे बड़ा योगदान रहा, तो वह रहे नूर अहमद. लेकिन इस शानदार प्रदर्शन के पीछे एक खास दिमाग भी काम कर रहा था, वो था महेंद्र सिंह धोनी का.
कोलकाता के खिलाफ मुकाबले से पहले नूर अहमद खराब फॉर्म से जूझ रहे थे. जनवरी के बाद से उनके खाते में सिर्फ एक विकेट था, जो दिल्ली के खिलाफ पिछले मैच में आया था. लेकिन चेन्नई में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए 4 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट झटके और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने.
मैच के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के बॉलिंग कोच श्रीधरन श्रीराम ने खुलासा किया कि नूर के इस कमबैक के पीछे धोनी की अहम भूमिका रही. उन्होंने बताया कि धोनी ने प्रैक्टिस सेशन के दौरान नूर से लंबी बातचीत की और उन्हें सलाह दी कि वह गुगली का ज्यादा इस्तेमाल न करें, बल्कि अपनी लेग-ब्रेक पर भरोसा बढ़ाएं.
मुकाबले से एक दिन पहले नूर ने लंबा नेट सेशन किया था, जहां हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग और धोनी दोनों ने उन्हें करीब से देखा. फ्लेमिंग जहां पीछे खड़े थे, वहीं धोनी ने नेट्स के पीछे से हर गेंद पर नजर रखी. सेशन के अंत में दोनों ने नूर से विस्तार से बातचीत की, जिसका असर अगले ही दिन मैदान पर साफ नजर आया.
