अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पीएम नरेंद्र मोदी के बीच मंगलवार को करीब 40 घंटे फोन पर बातचीत हुई. दोनों देशों के नेताओं के बीच फोन कॉल ऐसे मौके पर हुई है, जब ट्रंप की ईरान के साथ वार्ता फेल हो चुकी है और उसकी नेवी ने होर्मुज में नाकाबंदी कर दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मिडिल ईस्ट में शांति लाने के लिए वॉशिंगटन और तेहरान के बीच संघर्ष-विराम समझौता होने के बाद यह पहली फोन कॉल है.
यह बातचीत लगभग 40 मिनट तक चली. भारत में अमेरिका के राजदूत सर्गियो गोर ने कहा, दोनों नेताओं के बीच बातचीत में ईरान युद्ध और व्यापार को लेकर चर्चा हुई. पीएम मोदी ने फोन कॉल पर ट्रंप से कहा कि ‘भारत के लोग आपसे प्यार करते हैं.’ गोर ने कहा, ‘उन्होंने कुछ देर पहले ही बातचीत की है. राष्ट्रपति ट्रंप लगातार पीएम मोदी को अपडेट देते हैं. भारत और अमेरिका के बीच बड़ी चीजें हो रही हैं.’
राष्ट्रपति ट्रंप से बात करने के बाद पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा, ‘मेरे दोस्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फोन आया. हमने विभिन्न क्षेत्रों में अपने द्विपक्षीय सहयोग में हुई अहम प्रगति की समीक्षा की. हम सभी क्षेत्रों में अपनी ‘व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ को और ज्यादा मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. हमने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की और होर्मुज को खुला और सुरक्षित रखने की जरूरत पर जोर दिया.
