जम्मू-कश्मीर पुलिस ने नशे और संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मीरां साहिब क्षेत्र से कुख्यात ड्रग तस्कर, हार्डकोर अपराधी और कथित नार्को टेररिस्ट गुलजार अहमद उर्फ ‘लाऊ गुज्जर’ को गिरफ्तार किया. लंबे समय से फरार चल रहा यह आरोपी पाकिस्तान से संचालित एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क का अहम हिस्सा था, जो जम्मू-कश्मीर समेत देश के कई हिस्सों में नशे की सप्लाई करता था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी चक वजीरू (तहसील बिश्नाह) का निवासी है और सांबा के सरोर इलाके में भी सक्रिय रहा है.
पिछले 10-12 सालों से गिरफ्तारी से बचता आ रहा लाऊ गुज्जर साल 2006 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और 2016 के बाद उसने पूरी तरह ड्रग्स के अवैध कारोबार में अपनी पकड़ बना ली. जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क के तार पाकिस्तान से जुड़े हुए हैं. सूत्रों के अनुसार, आरोपी की बहन का ससुर करीब 10 वर्ष पहले पाकिस्तान चला गया था और वर्तमान में वहां की एक जेल में बंद है.
वहीं से वह इस नेटवर्क को संचालित कर ड्रग्स की खेप भेजता था. पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि ड्रोन के जरिए सीमा पार से हेरोइन की सप्लाई की जाती थी, जिसे पंजाब के संपर्कों के माध्यम से जम्मू-कश्मीर और अन्य राज्यों तक पहुंचाया जाता था.
पुलिस के अनुसार, लाऊ गुज्जर अब तक करीब 360 किलोग्राम हेरोइन की तस्करी कर चुका है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 792 करोड़ रुपये आंकी गई है. इस अवैध कारोबार के जरिए उसने करोड़ों की संपत्ति भी अर्जित की. जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ जम्मू जिले में ही 27 से अधिक मामले दर्ज हैं, जबकि देश के विभिन्न राज्यों में करीब 100 FIR में उसका नाम सामने आ चुका है.
पहचान छिपाने के लिए वह अलग-अलग नामों का इस्तेमाल करता था. लाऊ गुज्जर ड्रग तस्करी के अलावा गो-तस्करी, चोरी और पुलिस पर हमले जैसे गंभीर अपराधों में भी शामिल रहा है. पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि वह पंजाब स्थित अपने संपर्कों के जरिए हेरोइन हासिल करता था और फिर उसे जम्मू सहित अन्य राज्यों में सप्लाई करता था.
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है. आरोपी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान, इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड्स, वित्तीय लेन-देन और अवैध संपत्तियों की भी जांच की जा रही है. जम्मू पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई नार्को टेरर और संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. मामले की जांच जारी है.
