रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को गर्मियों की स्पेशल ट्रेनों के संचालन की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने उन अतिरिक्त ट्रेन सेवाओं की प्रगति का मूल्यांकन किया, जिन्हें अधिक मांग वाले रूटों पर भीड़ कम करने और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए शुरू किया गया है।
रेल मंत्रालय के अनुसार, भारतीय रेलवे 15 अप्रैल से 15 जुलाई 2026 के बीच 18,262 गर्मियों की स्पेशल ट्रेन ट्रिप चलाने की योजना बना रहा है। इनमें से 11,878 ट्रिप की घोषणा पहले ही की जा चुकी है, जबकि शेष सेवाओं की घोषणा चरणबद्ध तरीके से की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य कनेक्टिविटी को मजबूत करना और यात्रा को अधिक सुगम बनाना है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, मुंबई के प्रमुख टर्मिनल जैसे लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT), पुणे, सूरत (उधना सहित), अहमदाबाद और बेंगलुरु जैसे व्यस्त स्टेशनों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रेलवे प्रशासन भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त उपाय लागू कर रहा है और यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए ग्राउंड सपोर्ट को मजबूत किया जा रहा है।
अतिरिक्त कोच वाली ट्रेनों की सूची
ट्रेन संख्या 22471/22472 (लालगढ़–दिल्ली सराय–लालगढ़ रेल सेवा) में एक 3rd AC कोच और एक स्लीपर क्लास कोच की अस्थायी बढ़ोतरी की जा रही है। यह व्यवस्था 02.06.26 तक प्रभावी रहेगी। ट्रेन संख्या 22977/22978 (जयपुर–जोधपुर–जयपुर) में एक First-cum-Second AC कोच और एक 3rd AC कोच की अस्थायी बढ़ोतरी की जा रही है। यह व्यवस्था 01.05.26 से 31.05.26 तक प्रभावी रहेगी। ट्रेन सेवा संख्या 12465/12466 (इंदौर-भगत की कोठी-इंदौर) में 02 सेकंड स्लीपर क्लास कोच और 03 जनरल क्लास कोच की अस्थायी वृद्धि की जा रही है।
ट्रेन सेवा संख्या 14864/14863 (जोधपुर–वाराणसी सिटी–जोधपुर) में 01 थर्ड AC क्लास कोच की अस्थायी बढ़ोतरी की जा रही है, जो जोधपुर से 01.05.26 से 31.05.26 तक और वाराणसी सिटी से 02.05.26 से 01.06.26 तक प्रभावी रहेगी। इसके अलावा कई अन्य ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच जोड़े जा रहे हैं।
