अफगानिस्तान क्रिकेट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाले शपूर जादरान इस समय जीवन के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं. शपूर जादरान पिछले कुछ समय से गंभीर रूप से बीमार हैं और इस समय दिल्ली के एक अस्पताल में मौत से जंग लड़ रहे हैं. उनके भाई गमाई जादरान ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि शपूर की हालत काफी नाजुक है. जादरान फिलहाल आईसीयू में विशेषज्ञों की निगरानी में हैं.

परिवार का कहना है कि उनकी स्थिति हर पल चुनौतीपूर्ण बनी हुई है. उन्हें हेमोफैगोसिटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस (HLH) नामक एक बेहद दुर्लभ और खतरनाक इम्यून डिसऑर्डर से पीड़ित हैं. डॉक्टरों के मुताबिक यह बीमारी शरीर के इम्यून सिस्टम को ही उसका दुश्मन बना देती है.
इसमें इम्यून सिस्टम स्वस्थ अंगों और ऊतकों पर हमला करने लगता है. इससे शरीर में गंभीर सूजन आ जाती है और लिवर, स्प्लीन और बोन मैरो को भारी नुकसान पहुंचता है. शपूर इस समय इस बीमारी के स्टेज-4 में हैं. शपूर जादरान के भाई ने इंस्टाग्राम पर एक बहुत ही भावुक संदेश पोस्ट किया है.
उन्होंने बताया कि शपूर के शरीर में खून की भारी कमी हो गई है. उन्होंने दिल्ली में रहने वाले लोगों से अपील की है कि जिनका ब्लड ग्रुप A पॉजिटिव (+A) है, वे तुरंत अस्पताल पहुंचकर रक्तदान करें. उन्होंने शपूर को ‘राष्ट्रीय नायक’ बताते हुए कहा कि इस समय आपकी एक छोटी सी मदद उनकी जान बचा सकती है.
