-अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद द्वारा चाय पर संवाद कार्यक्रम का आयोजन ।
-अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के पुन: राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए अंकित दास ।
-वैश्य व्यापारी समाज के ऐतिहासिक योगदान पर हुई चर्चा ।
-परिषद के पुनर्गठन पर विस्तार से विचार-विमर्श भी किया गया ।
लखीमपुर । उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जनपद में बुधवार को अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद, वैश्य उपवर्गों का केंद्रीय संगठन, के तत्वावधान में “चाय पर संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन खीरी क्लब, मोती महल रेस्टोरेंट , कंपनी बाग के पास हुआ। कार्यक्रम का मुख्य विषय राष्ट्र एवं प्रदेश के विकास में वैश्य व्यापारी समाज के आयकर सहित विभिन्न करों के माध्यम से दिए गए ऐतिहासिक योगदान पर केंद्रित रहा। इसी के साथ ही पुन: अंकित दास को अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी चुना गया।

वहीं, कार्यक्रम में संगठन को जिला स्तर पर अधिक प्रभावशाली एवं गतिशील बनाने हेतु परिषद के पुनर्गठन पर विस्तार से विचार-विमर्श भी किया गया। इस अवसर पर प्रदेश स्तर के पदाधिकारी एवं समाज के प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता करते हुए सामाजिक एकता, संगठन की मजबूती तथा वैश्य समाज के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुमंत गुप्ता ने “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ संवाद की शुरुआत की। उन्होंने सभी उपस्थित जनों से चाय पर चर्चा के माध्यम से एकजुट होकर समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया तथा आयोजन के लिए अंकित दास की पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत सराहनीय बताया।

-अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के पुन: राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए अंकित दास
कार्यक्रम के स्वागताध्यक्ष एवं अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अंकित दास ने पुन : संगठन का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चुने जाने पर संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यक्रम में मौजूद लोगों को धन्यवाद कहते हुए कहा कि बाबू जी (राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुमंत गुप्ता ) ने मुझे एक बार फिर से संगठन का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चुना उसके लिए मैं उनका हृदय से धन्यवाद करता हूं। साथ ही उन्होंने कहा कि मैं संगठन की सेवा के लिए सदैव तत्पर हूं।

जिला अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी अरविंद गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि वैश्य समाज व्यापार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और समाज के सुख-दुख में सहभागिता एवं व्यापार में उन्नति हेतु एकजुट प्रयास आवश्यक हैं। अशोक तोलानी ने कहा कि वैश्य समाज एक-दूसरे का पूरक है तथा सभी को एक-दूसरे की समस्याओं के समाधान हेतु आगे आना चाहिए।
इसी के साथ ही अंबुज गुप्ता ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए संगठन की सुदृढ़ कार्यकारिणी के गठन की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार नंदकुमार मिश्रा को सम्मानित कर उनका अभिनंदन किया गया।

आपको बता दें कि कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ सुमंत गुप्ता, जिला अध्यक्ष भाजपा अरविंद गुप्ता, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अंकित दास, अशोक तोलानी, सेवक सिंह अजमानी, सुनील तोलानी, सुरेंद्र तोलानी, सुशील गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन सुमित जायसवाल मोदी ने किया। इस अवसर पर प्रशांत जायसवाल, नीति गुप्ता, अंबुज गुप्ता, नीरज रंगलानी, शैलेश, अतुल, नीरज, रवि नंदन काले सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
