आज सुबह कई लोगों के स्मार्टफोन अचानक तेज आवाज के साथ बज उठे. स्क्रीन पर “इमरजेंसी सीवियर अलर्ट” लिखा देखकर कई यूजर्स घबरा गए. कुछ लोगों को लगा कि उनके फोन में कोई समस्या आ गई है, तो कुछ ने इसे स्कैम समझ लिया.
असल में यह भारत सरकार के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण यानी NDMA द्वारा भेजा गया एक आधिकारिक टेस्ट मैसेज है. NDMA देशभर में नए वायरलेस इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम की जांच कर रहा है. इसका मकसद आपदा या किसी आपात स्थिति में लोगों तक तुरंत सूचना पहुंचाना है. ऐसे में यदि आपका फोन भी जोर से अलर्ट के साथ बजता है तो आपको घबराने की जरूरत नहीं है.
भारत सरकार के दूरसंचार विभाग की ओर से भेजे जा रहे इस मैसेज में साफ लिखा है, “भारत ने स्वदेशी तकनीक का उपयोग करते हुए सेल ब्रॉडकास्ट सेवा शुरू की है, जिससे नागरिकों को आपदा की तत्काल सूचना मिल सकेगी. सतर्क नागरिक, सुरक्षित राष्ट्र.
इस संदेश को प्राप्त करने पर जनता को कोई कार्रवाई करने की आवश्यकता नहीं है. यह एक परीक्षण संदेश है. – भारत सरकार” यानी यह सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम के जरिए भेजा गया एक सेंपल टेस्ट मैसेज है. इस पर यूजर्स को किसी तरह की कार्रवाई करने की जरूरत नहीं है.
यह टेस्टिंग राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा विकसित अखिल भारतीय आपात अलर्ट सिस्टम की जांच के लिए किया जा रहा है. इसका मुख्य उद्देश्य आपात स्थिति के दौरान लोगों को समय रहते चेतावनी देना है. जब भी बाढ़, भूकंप, सुनामी, चक्रवात या अन्य प्राकृतिक आपदा आएगी, तब यही तकनीक लाखों लोगों तक कुछ ही सेकंड में महत्वपूर्ण सूचना पहुंचाएगी.
