मुंबई में मशहूर रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह के लाइव कॉन्सर्ट को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है. 28 मार्च को मुंबई के एमएमआरडीए ग्राउंड में हुए उनके ‘माय स्टोरी वर्ल्ड टूर’कॉन्सर्ट के बाद पुलिस ने नियमों के उल्लंघन को लेकर मामला दर्ज किया है. बताया जा रहा है कि कॉन्सर्ट के दौरान बिना अनुमति के लेजर लाइट का इस्तेमाल किया गया था।
चूंकि यह इलाका छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बेहद करीब है, इसलिए पहले ही इस तरह की लाइट के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया गया था। इसके बावजूद आयोजकों ने लेजर लाइट का इस्तेमाल किया, जिससे एयर ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था पर खतरा पैदा हो सकता था। इस पूरे मामले में कॉन्सर्ट के आयोजक Tammanaaz Worldwide के इंद्रजीत सिंह के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की है। पुलिस के अनुसार आयोजकों ने सुरक्षा नियमों और अनुमति की शर्तों का उल्लंघन किया।
कॉन्सर्ट के लिए पुलिस को करीबन 12 हजार लोगों के आने की जानकारी दी गई थी। लेकिन, कार्यक्रम के दौरान मौके पर 18 से 20 हजार तक की भीड़ जुट गई। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया और पुलिस को हालात संभालने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
जोनल डीसीपी मनीष कलवानिया ने मीडिया से बातचीत में बताया कि एयरपोर्ट के नजदीक होने के कारण वहां लेजर लाइट की अनुमति नहीं दी जाती। लेकिन, आयोजकों ने इसका उल्लंघन किया। उन्होंने यह भी कहा कि आयोजकों को साफ निर्देश दिया गया था कि उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्था के अनुसार 12 हजार से ज्यादा लोगों को अनुमति नहीं दी जा सकती।
इसके बावजूद 18 से 20 हजार लोगों की भीड़ जुटा दी गई, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है। यो यो हनी सिंह ने अपना ये टूर मार्च से शुरू किया है। मुंबई में 28 मार्च को उनका दूसरा बड़ा कॉन्सर्ट हुआ था। अब इस टूर के अगले कॉन्सर्ट पुणे और कोलकाता में आयोजित किए जाएंगे।
