दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या सहित कई बड़े आपराधिक मामलों से जुड़े महफूज अली उर्फ बॉबी कबूतर को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। बॉबी कबूतर बीते 7 साल से फरार था। वहीं, गैंगस्टर महफूज उर्फ बॉबी कबूतर फिल्म एक्ट्रेस दिशा पटानी के बरेली स्थित घर पर फायरिंग के मामले में भी वॉन्टेड था।
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के मुताबिक, गैंगस्टर महफूज उर्फ बॉबी कबूतर फिल्म एक्ट्रेस दिशा पटानी के बरेली स्थित घर पर फायरिंग के मामले में भी वॉन्टेड था। बॉबी कबूतर ने दिशा पटानी के घर पर फायरिंग करने वाले शूटर्स को हथियार दिए थे। बॉबी कबूतर उर्फ महफूज से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने किसके कहने पर शूटर्स को हथियार दिए थे।
बॉबी कबूतर दिल्ली के सीलमपुर इलाके में हुए डबल मर्डर केस और ग्रेटर कैलाश में एक जिम के बाहर नादिर शाह की हत्या में भी आरोपी था। बॉबी कबूतर दिल्ली के नॉर्थ-ईस्ट के एक बड़े गैंगस्टर हाशिम बाबा के लिए काम करता है, जो अभी तिहाड़ जेल में है। बॉबी कबूतर समेत कुल चार लोगों को हाल ही में गिरफ्तार किया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि पिछले दिसंबर में दो भाइयों की नृशंस हत्या में कथित संलिप्तता के कारण फरार चल रहे बॉबी कबूतर को पुलिस ने एक गुप्त अभियान के दौरान महिपालपुर से पकड़ा। पिछले दिसंबर में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में दो भाइयों की हत्या के मामले में उसकी तलाश की जा रही थी, जिन्हें 48 गोलियां मारी गई थीं। उसे महिपालपुर में एक महिला साथी और दो अन्य पुरुषों के साथ एक एसयूवी में यात्रा करते समय पकड़ा गया।
