भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी को शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलायी गयी। उनके साथ पांच अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली।इसके साथ ही राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बनी है। पार्टी ने विधानसभा चुनाव में 207 सीटों के साथ दो तिहाई से भी अधिक बहुमत हासिल किया है।
अधिकारी को यहां बिग्रेड परेड मैदान में राज्यपाल आर एन रवि ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। उनके अलावा दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल , अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू तथा निसिथ प्रमाणिक को मंत्रिपद की शपथ दिलायी गयी।
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह तथा कई अन्य केन्द्रीय मंत्री, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के शासन वाले अन्य विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और बड़ी संख्या में भाजपा नेता मौजूद थे। ब्रिगेड परेड मैदान में विशाल जनसमूह भी शपथ ग्रहण समारोह का साक्षी बना।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर आधारित राजनीतिक दल को किसी प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है। मैं अब मुख्यमंत्री हूँ, और मैं सभी का हूँ। जो लोग अभी भी चुनाव परिणामों पर चर्चा कर रहे हैं, उन्हें सद्बुद्धि प्राप्त हो… बंगाल को बहुत नुकसान पहुँचा है। शिक्षा का ह्रास हुआ है, संस्कृति नष्ट हो गई है, और हम बंगाल का पुनर्निर्माण करेंगे। हमारे कंधों पर एक बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी है; उन्हें बातें करने दीजिए, मैं तो बस आगे बढ़ता रहूँगा।”
