मथुरा के वृंदावन स्थित यमुना नदी में पीपों के पुल के पास श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोगों के लापता होने की आशंका है। मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और जिला प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
दूसरी तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने के भी निर्देश दिए हैं।
