निघासन में शैक्षिक संगोष्ठी व सम्मान समारोह आयोजित
सेवानिवृत्त व स्थानांतरित शिक्षकों को दी गई भावभीनी विदाई, नई कार्यकारिणी घोषित
जिला संवाददाता- मोहित त्रिवेदी “उल्लास”
निघासन लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की निघासन ब्लॉक इकाई द्वारा शनिवार को ब्लॉक सभागार में शैक्षिक संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त और स्थानांतरित शिक्षकों को सम्मानित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा ‘टेनी’ रहे।

समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षक राममनोरथ, बलवीर सिंह, अपराजिता लाहिड़ी और विजय कुमार को माल्यार्पण, वेलकम बैज एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष प्रतीक दीक्षित, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद मिश्रा (फूलबेहड़) और हनुमतशरण तिवारी (नकहा) के स्थानांतरण पर उन्हें विदाई दी गई।
कार्यक्रम का संचालन भगवतशरण ने किया। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों के शैक्षिक योगदान को रेखांकित करते हुए उनके सेवाकाल की जानकारी साझा की। मुख्य अतिथि अजय मिश्रा ‘टेनी’ ने शिक्षकों को समाज निर्माण की आधारशिला बताते हुए उनके योगदान की सराहना की और उन्हें रामचरितमानस की पुस्तक, अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंट किए।
इस दौरान नई कार्यकारिणी की घोषणा में सर्वसम्मति से राजीव पांडे को ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत किया गया, जिनका शिक्षकों ने स्वागत किया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष संजीव त्रिपाठी, जिला मंत्री मनोज शुक्ला, नागेंद्र सिंह सेंगर, संजय गिरी, हरिशंकर शर्मा, कमलेश गुप्ता सहित सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे।
