उत्तर प्रदेश की लखीपुर खीरी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने यहां एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इसमें कुल 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।पुलिस को इनसे लाखों की नगदी , पिस्टल, तमंचा , कारतूस, एक कार और एक बाइक बरामद हुई है। यह गिरोह संगठित होकर जुआ का अड्डा चलाने व खेलने तथा असलहा सप्लाई करने काम करता था।

आपको बता दें कि पुलिस अधीक्षक खीरी डा. ख्याति गर्ग द्वारा जनपद खीरी में अपराध व अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के अंतर्गत अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) खीरी के निकट पर्यवेक्षण में व सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर के कुशल मार्गदर्शन एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर के नेतृत्व में थाना कोतवाली सदर पुलिस द्वारा, ग्राम रंगीलानगर में मरघट के पास स्थित फार्म हाऊस से ये 6 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए हैं।
खबरों की माने तो इस गिरोह के दो मुख्य मास्टरमाइंड बताए जा रहे हैं। जिनका नाम सुनील कुमार दीक्षित उर्फ मुन्ना दीक्षित और पप्पू जफर है। ये दोनों लखीमपुर खीरी के हिस्ट्रीशीटर हैं। दोनों पर पूर्व में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिसमें पप्पू जफर पर गैंगस्टर एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में केस दर्ज है।
पुलिस द्वारा पकड़े गए अभियुक्तों के नाम :-
-पप्पू उर्फ जफर
-सुनील कुमार दीक्षित उर्फ मुन्ना दीक्षित
-मोहन मिश्रा उर्फ पिंकू
-प्रेम किशोर गुप्ता उर्फ मोहन
-अरुण कुमार वर्मा
-फैजान
पुलिस टीम ने ग्राम रंगीलानगर स्थित एक फार्म हाउस पर छापा मारा, जहां आरोपी जुआ खेल रहे थे। मौके से 4 लाख 91 हजार रुपये नकद, दो .32 बोर की पिस्टल, चार .315 बोर के तमंचे, जिंदा कारतूस, 52 ताश के पत्ते, एक विटारा ब्रेजा कार और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बरामद वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।
इस कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी सदर विवेक कुमार तिवारी के नेतृत्व में कोतवाली सदर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
